April 14, 2026

कलेक्टर ने सुदूर वनांचल ग्राम भुरसीपकरी में लगाई रात्रि चौपाल

कलेक्टर ने सुदूर वनांचल ग्राम भुरसीपकरी में लगाई रात्रि चौपाल*

 

सीजी पब्लिक टाइम्स

पवन तिवारी कबीरधाम

 

कवर्धा, जिले के अंतिम छोर में बसे बोड़ला विकासखंड के सुदूर वनांचल एवं बैगा बाहुल्य ग्राम भुरसीपकरी की योजनाओं में क्रियान्वयन का मुआयना करने और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने कलेक्टर गोपाल वर्मा स्वयं गांव पहुंचे। उन्होंने यहां रात्रि चौपाल लगाकर बैगा आदिवासियों के साथ जमीन पर बैठकर बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनी। कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं, शिकायतें और मांगें विस्तार से सुनीं तथा कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।

कलेक्टर को रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने मुख्य रूप से पेयजल समस्या की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गांव में गर्मी के दिनों में पेयजल की समस्या होती है। करीब डेढ़ किलोमीटर दूर झिरिया से पानी लाना पड़ता है, जिससे काफी कठिनाई होती है। उन्होंने बताया कि झिरिया में सालभर पानी उपलब्ध रहता है। इस पर कलेक्टर श्री वर्मा ने पीएचई विभाग के अधिकारियों से जानकारी लेकर समाधान की दिशा में तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि झिरिया में सेनेटरी वेल बनाया जाएगा। सेनेटरी वेल में मोटर पंप लगाकर और पाइपलाइन के जरिए पानी पहुंचाने की योजना तैयार की गई है और शासन को भेजा गया है। कलेक्टर श्री वर्मा ने बताया कि जिले के ऐसे सभी वनांचल गांवों का सर्वे किया जा रहा है, जहां झिरिया से पानी लाना पड़ता है। इन गांवों के लिए भी इसी तरह की योजना बनाकर सेनेटरी वेल मोटर पंप और पाइपलाइन के माध्यम से सालभर पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य किया जाएगा। कार्यपालन अभियंता श्री दिलीप राजपूत ने बताया कि वर्तमान में गांव में 3 सोलर पंप स्थापित है जिससे पेयजल आपूर्ति की जाती है, गर्मी के दिनों में जल स्तर नीचे चले जाने के कारण समस्या होती है। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से गांव में साल भर पानी की आपूर्ति हो सकेगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए कार्य योजना तैयार किया गया है।

कलेक्टर वर्मा ने जनमन योजना के तहत आवास निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की। ग्राम सचिव ने जानकारी दी कि भुरसीपकरी में 142 आवास स्वीकृत हैं, जिनमें से 83 पूर्ण हो चुके हैं, 55 निर्माणाधीन हैं और 4 कार्य शुरू नहीं हुए हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों को राशि मिल चुकी है, उनके आवास निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराए जाएं। साथ ही आवास मित्रों को नियमित निरीक्षण कर समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। राशन वितरण की जानकारी लेते हुए ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें नियमित राशन मिल रहा है। एक महिला ने राशन कार्ड दूसरे गांव में बने होने की समस्या बताई, जिस पर कलेक्टर ने सचिव को तत्काल स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू कर समाधान करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.