April 17, 2026

फुलवारी परिसर स्थित हनुमान मंदिर में मूर्ति खंडित होने की खबर भ्रामक, मूर्ति पूर्णतः सुरक्षित

फुलवारी परिसर स्थित हनुमान मंदिर में मूर्ति खंडित होने की खबर भ्रामक, मूर्ति पूर्णतः सुरक्षित*

 

सीजी पब्लिक टाइम्स

पवन तिवारी कबीरधाम

 

राजमहल फुलवारी परिसर, कवर्धा में स्थापित भगवान हनुमान जी की मूर्ति के खंडित होने संबंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही कुछ जानकारियां भ्रामक, असत्य एवं निराधार हैं। मंदिर के पुजारी के कथन अनुसार भगवान हनुमान जी की मूर्ति पूर्णतः सुरक्षित है तथा मूर्ति किसी भी प्रकार से खंडित नहीं हुई है। इस तथ्य पर विशेष रूप से ध्यान दिलाया जाता है कि मूर्ति के क्षतिग्रस्त या टूटने संबंधी जो भी जानकारी प्रसारित की जा रही है, वह पूरी तरह गलत एवं भ्रामक है।

साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी अज्ञात भक्त द्वारा पूजा-पाठ के उद्देश्य से मूर्ति के नीचे की थोड़ी मिट्टी ली गई होगी, जिसे गलत तरीके से प्रस्तुत कर अफवाह फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस प्रकार की भ्रामक एवं भड़काऊ जानकारी प्रसारित कर आमजन में भ्रम एवं तनाव उत्पन्न करना एक गंभीर कृत्य है। ऐसे कृत्य सामाजिक सौहार्द, शांति एवं कानून व्यवस्था के लिए हानिकारक हैं। कबीरधाम पुलिस द्वारा सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा भ्रामक, असत्य एवं अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों की पहचान की जा रही है।

स्पष्ट किया जाता है कि इस प्रकार की झूठी एवं भ्रामक जानकारी का प्रसारण करने, शेयर करने अथवा समाज में अशांति फैलाने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत कठोर एवं दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। आवश्यक होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, पुजारी द्वारा यह भी बताया गया है कि महाशिवरात्रि के पूर्व किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मूर्ति से मुकुट निकालकर ले जाया गया था। यह घटना पुरानी है, जिसकी पूर्व में कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई थी। वर्तमान में जानकारी प्राप्त होने पर पुलिस द्वारा उक्त चोरी के संबंध में प्रकरण दर्ज कर अज्ञात आरोपी की पतासाजी एवं तलाश की जा रही है।

 

कबीरधाम पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें एवं उसे सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। कृपया शांति, सद्भाव एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

यदि किसी भी व्यक्ति को इस संबंध में कोई संदिग्ध गतिविधि या जानकारी प्राप्त होती है, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या प्रशासन को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.