April 19, 2026

सीटबेल्ट व हेलमेट पहनने वाले वाहन चालकों का यातायात पुलिस ने गुलाब व चॉकलेट देकर किया सम्मान

*सीटबेल्ट व हेलमेट पहनने वाले वाहन चालकों का यातायात पुलिस ने गुलाब व चॉकलेट देकर किया सम्मान*

 

सीजी पब्लिक टाइम्स

पवन तिवारी कबीरधाम

 

_सड़क सुरक्षा माह–2026 के अवसर पर यातायात पुलिस कबीरधाम द्वारा आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु निरंतर विभिन्न जन-जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज सिग्नल चौक में विशेष सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सीटबेल्ट एवं हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वाले चालकों को गुलाब फूल एवं चॉकलेट भेंट कर सम्मानित किया गया।

एसडीओपी यातायात कृष्णा चंद्राकर ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। हेलमेट एवं सीटबेल्ट का उपयोग न केवल कानूनी बाध्यता है, बल्कि यह स्वयं की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों में सकारात्मक सोच विकसित करना और सुरक्षित यातायात को बढ़ावा देना है।

यातायात प्रभारी अजयकांत तिवारी ने बताया कि यातायात पुलिस द्वारा केवल चालानी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि नियमों का पालन करने वाले जागरूक नागरिकों को सम्मानित कर उन्हें प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं में कमी आती है और सभी का जीवन सुरक्षित रहता है। आने वाले दिनों में स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख चौराहों पर भी इसी तरह के जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित वाहन संचालन का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.