आम आदमी से धोखा, मित्रों को फायदा युवा, किसान, मजदूर पूरी तरह उपेक्षित
*बजट: आम आदमी से धोखा, मित्रों को फायदा युवा, किसान, मजदूर पूरी तरह उपेक्षित*
सीजी पब्लिक टाइम्स
पवन तिवारी कबीरधाम
कवर्धा ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी ने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा पेश बजट पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह बजट देश के करोड़ों युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम जनता की उम्मीदों पर सीधा कुठाराघात है।
उन्होंने कहा कि आज देश का युवा रोजगार की तलाश में दर-दर भटक रहा है, लेकिन बजट में स्थायी नौकरियों के लिए कोई ठोस योजना नजर नहीं आती। शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास जैसे बुनियादी क्षेत्रों में भी पर्याप्त संसाधन आवंटन का घोर अभाव है। भयावह बेरोजगारी पर सरकार की चुप्पी उसकी असंवेदनशीलता को उजागर करती है।

त्रिपाठी ने कहा कि गरीब मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा, न्यूनतम मजदूरी और जीवन स्तर सुधारने को लेकर भी बजट पूरी तरह खोखला है। महंगाई से त्रस्त आम जनता को राहत देने के लिए सरकार के पास कोई कारगर योजना नहीं है। यह सरकार हमेशा से आम जनता को छलने का काम करती आई है, जबकि अपने चहेते मित्रों के लिए बजट के दरवाजे पूरी तरह खुले रखे गए हैं।
उन्होंने किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के वादे एक बार फिर कागजों तक ही सीमित रह गए। फसलों के उचित दाम, कर्ज़ माफी, सिंचाई सुविधाएं, खाद-बीज पर सब्सिडी जैसे अहम सवालों पर यह बजट पूरी तरह कमजोर और दिशाहीन है।
अंत में मणिकांत त्रिपाठी ने कहा कि यह बजट साफ तौर पर साबित करता है कि मोदी सरकार ने आम आदमी के लिए कुछ भी नया नहीं लाया, बल्कि गरीबों के साथ एक बार फिर धोखा किया गया है। देश की जनता अब इस छलावे को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका करारा जवाब भी देगी।

