रानीदहरा जलप्रपात में युवती का मिला शव ।शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी
*रानीदहरा जलप्रपात में युवती का मिला शव ।शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी*
सीजी पब्लिक टाइम्स
पवन तिवारी कबीरधाम
बोड़ला विकासखंड के प्रसिद्ध रानीदहरा जलप्रपात में गुरुवार सुबह एक अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, वहीं पुलिस ने तत्काल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ स्थानीय लोग जलप्रपात के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने झरने के नीचे पानी में एक युवती का शव तैरते हुए देखा। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो पाई है। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है और गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हादसा है, आत्महत्या है या फिर किसी आपराधिक घटना से जुड़ा हुआ है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि किसी को इस संबंध में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

